इस गर्मी में भारत के आम यूरोप जा सकेंगे। यूरोपीय यूनियन ने भारतीय आम के आयात पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है। पिछले साल मई में यूरोपीय यूनियन ने स्वास्थ्य मानक व सर्टिफिकेशन मामलों की वजह से भारतीय आम के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस कारण आम निर्यातकों को काफी नुकसान उठाना पड़ता था। यूरोप में भारत के अल्फांसो आम की सबसे अधिक मांग है।
सूत्रों के मुताबिक यूरोपीय यूनियन की बैठक में भारत की तरफ से रखी गई दलीलों के बाद आम के आयात पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है। पिछले साल आम के आयात पर प्रतिबंध के बाद वाणिज्य मंत्रालय लगातार इस प्रतिबंध को हटवाने के लिए प्रयासरत था। यूरोपियन यूनियन के इस फैसले को लागू होने में एक माह का समय लग जाएगा। भारत में आम का मौसम अप्रैल आखिर में शुरू होता है।