आर्थिक विकास को गति देने और सुधार को आगे बढ़ाने को मोदी सरकार के प्रमुख एजेंडे में शामिल किये जाने का असर सोमवार को शेयर बाजार में नजर आया। निवेशकों की लिवाली के बल पर शेयर बाजार नये स्तर को छूने के साथ ही ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए।
सोमवार को कारोबार के दौरान बीएसई का सेंसेक्स 25644.77 अंक और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 7673.70 के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बाद में सेंसेक्स 183.75 अंक की बढ़त के साथ 25580.21 अंक पर और निफ्टी 71.20 अंक चढ़कर 7654.60 अंक के ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुआ।
बाजार की धमाकेदार शुरूआत में बीएसई का सेंसेक्स 25543.60 अंक पर खुला। दोपहर में बैंकिंग और तेल, गैस समूह की कंपनियों में मुनाफा वसूली शुरू होने से यह 25496.84 अंक के न्यूनतम स्तर तक चला गया, लेकिन जल्दी ही आईटी, कैपिटल गुड्स, रियल्टी, पावर, मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, टेक, आटो, एफएमसीजी और हेल्थकेयर समूह की कंपनियों में निवेशकों की लिवाली से 25644.77 अंक के अब तक रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।