अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की गिरती कीमतों की वजह से और साथ ही उत्पाद शुल्क की बढ़ोतरी के कारण पेट्रोल पर लगने वाले टैक्स और अन्य चार्जेज इसकी असल कीमत से अधिक हो गए हैं।
दिल्ली में पेट्रोल की मौजूदा कीमत 58.91 रुपए है। सरकारी तेल कंपनियां रिफाइनरी से पेट्रोल 29.26 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से खरीदती हैं, लेकिन इस पर लगने वाले टैक्स और कमीशन 29.65 रुपए प्रति लीटर तक हैं।
इस तरह देखा जाए तो पेट्रोल की कीमत में उसकी असल कीमत और उससे 39 पैसे अधिक का टैक्स (29.65 रुपए) जुड़ा हुआ है, जिसके चलते इसकी कीमत 58.91 रुपए है।
समझें कौन-कौन से लगते हैं चार्ज
पेट्रोल कीमत (दिल्ली)- 58.91 रुपए प्रति लीटर
रिफाइनरी से खरीद- 22.84 रुपए प्रति लीटर
डीलर से वसूली (6.42 रुपए कंपनी मार्जिन समेत)- 29.26 रुपए प्रति लीटर
+
एक्साइज ड्यूटी, एजुकेशन सेस- 17.46 रुपए प्रति लीटर
+
डीलर का कमीशन- 2.03 रुपए प्रति लीटर
+
दिल्ली में वैट- 10.16 रुपए प्रति लीटर
=
58.91 रुपए प्रति लीटर
एटीएफ भी पहली बार हुआ पेट्रोल से सस्ता
ऐसा पहली बार हुआ है, जब हवाई जहाजों में इस्तेमाल किया जाने वाला जेट फ्यूल (एटीएफ) की कीमत भी पेट्रोल से कम हो गई है। इसका सबसे बड़ा कारण पेट्रोल पर लगने वाला उत्पाद शुल्क है।
दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 58.91 रुपए प्रति लीटर है, जबकि एटीएफ की कीमत 52.42 रुपए प्रति लीटर है। आपको बता दें कि एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) में सामान्य पेट्रोल के मुकाबले अधिक ऑक्टेन होती है।
मोदी के समय में 15 रुपए सस्ता हुआ पेट्रोल
जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से अब तक कुल 9 बार पेट्रोल की कीमतों में कटौती की जा चुकी है। पिछले सात महीनों में तेल कपंनियों ने कुल 14.69 रुपए की कटौत की है।
कच्चा तेल हुआ रिकॉर्ड सस्ता
इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 45 डॉलर प्रति बैरल के करीब है, जो अब तक की सबसे कम कीमत है।
इससे पहले दिसंबर 2008 में कच्चे तेल की कीमत 45 डॉलर के करीब पहुंची थी। उस समय कच्चे तेल की कीमत 5 दिसंबर 2008 को 43.56 डॉलर प्रति बैरल थी, जबकि पेट्रोल की कीमत 45.62 रुपए थी।
कहां कितने रुपए में मिल रहा है पेट्रोल
पेट्रोल
दिल्ली- 58.91 रुपए प्रति लीटर
कोलकात्ता- 66.64 रुपए प्रति लीटर
मुंबई- 66.36 रुपए प्रति लीटर
चेन्नई- 61.38 रुपए प्रति लीटर
डीजल
दिल्ली- 48.26 रुपए प्रति लीटर
कोलकाता- 52.99 रुपए प्रति लीटर
मुंबई- 55.47 रुपए प्रति लीटर
चेन्नई- 51.34 रुपए प्रति लीटर
चार बार बढ़ चुका है उत्पाद शुल्क
सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में अब तक करीब चार बार बढ़ोतरी की है, जिससे सरकारी खजाना बढ़ रहा है। यही कारण है कि कच्चे तेल के रिकॉर्ड सस्ता होने के बाद भी पेट्रोल की कीमत में बहुत अधिक कमी नहीं आई है।
कब कितना बढ़ा उत्पाद शुल्क
12 नवंबर 2014- 1.50 रुपए
2 दिसंबर 2014- 2.25 रुपए
1 जनवरी 2015- 2 रुपए
16 जनवरी 2015- 2 रुपए