इस्मा ने चालू सीजन के लिए देश के चीनी उत्पादन का अनुमान 12 लाख टन घटाकर 238 लाख टन कर दिया है। उत्तर प्रदेश में कम उत्पादन के चलते कुल चीनी उत्पादन का संशोधित अनुमान जारी किया गया है।
इंडिया शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) ने विपणन वर्ष 2013-14 (अक्तूबर-सितंबर) के लिए चीनी उत्पादन का अनुमान इससे पहले 250 लाख टन जताया था।
इस्मा की ओर से जारी बयान के मुताबिक यह संशोधन गन्ने की फसल, कटाई और बिना कटाई वाले क्षेत्रों की सैटेलाइट तस्वीरों की समीक्षा व अन्य कारणों को ध्यान में रखकर किया गया है। पिछले साल सितंबर में लगाए गए अनुमान की तुलना में इस्मा ने उत्तर प्रदेश व तमिलनाडु के लिए चीनी उत्पादन का अनुमान क्रमश: 11 लाख टन और एक लाख टन घटा दिया है।
इस्मा के अनुसार महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन 78 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 66 लाख टन, कर्नाटक में 35 लाख टन, तमिलनाडु में 15 लाख टन, गुजरात में 11.7 लाख टन और आंध्र प्रदेश में 9.5 लाख टन रहने का अनुमान है।