विदेशी निवेशकों की ओर से पूंजी का अच्छा प्रवाह बने रहने से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को नई ऊंचाई पर पहुंच गए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 105.05 अंक उछल कर साढ़े बाइस हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर 22,551.49 के अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 31.50 अंक की बढ़त के साथ 6,752.55 अंक पर रहा।
बुधवार को बाजार में कारोबार की शुरुआत हालांकि सुस्ती के साथ हुई, बीच सत्र में रीयल्टी, कैपिटल गुड्स, तेल-गैस, पावर, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड़्यूरेबल्स, ऑटो, टेक और आईटी वर्ग में चौतरफा लिवाली ने इसे तेजी की ओर बढ़ाया। सपाट खुला सेंसेक्स बीच कारोबार में 22,592.10 अंक के ऊपरी और 22,473.46 अंक के निचले दायरे में कारोबार करता दिखा। निफ्टी ने मजबूत शुरुआत की और पूरे कारोबार के दौरान मजबूती पर टिका रहा।
बीएसई में एफएमसीजी और मेटल वर्ग को छोड़कर अन्य सभी वर्ग मुनाफे के साथ हरे निशान पर रहे। सेंसेक्स में भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, एसबीआई, सिप्ला और ओएनजीसी सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले शेयर रहे। इनके अलावा एलएंडटी, आरआईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, टाटा पावर, विप्रो, रेड्डीज लैब, एनटीपीसी, टाटा स्टील, गेल इंडिया, महिंद्रा, सनफार्मा, इनफोसिस और मारुति में 0.12 से 1.85 फीसदी की बढ़त रही।
दूसरी ओर नुकसान उठाने वाले शेयरों में आइटीसी, हिंडाल्को, सेसास्टरलाइट, एचडीएफसी बैंक, हिन्दुस्तान यूनि, कोल इंडिया, बजाज ऑटो, भेल, एक्सिस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प और टीसीएस 0.04 से 2.31 फीसदी गिरावट के साथा शामिल रहे। बीएसई में कुल 2,921 कंपनियों के शेयरों में कारेबार हुआ, जिसमें से 1,895 लाभ में और 896 नुकसान में रहे बाकी 130 में कोई बदलाव नहीं हुआ।