बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 24,000 अंकों के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया।
आज पूरे दिन के दौरान बीएसई सेंसेक्स 320.23 अंक बढ़कर 23,871.23 के अंक स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 94.50 अंक बढ़कर 7.108.75 के अंक स्तर पर बंद हुआ।
सुबह 11.54 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स ने 24,067.11 अंकों के रिकॉर्ड स्तर को छू लिया। दिन में 1.24 मिनट तक बीएसई सेंसेक्स लुढ़ककर वापस 23,872.27 अंक स्तर पर पहुंच गया था।
आज सुबह बीएसई सेंसेक्स 23,911.82 के अंक स्तर से शुरू हुआ था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज अपने 7111.95 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। आज सुबह निफ्टी 7,014.25 के अंक स्तर से शुरू हुआ था।
मतदान के बाद जारी एक्जिट पोल सर्वेक्षणों नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र में स्थिर सरकार बनने के अनुमानों ने घरेलू शेयर बाजारों को लगातार तीसरे दिन नए रिकॉर्ड पर पहुंचाया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की ताबड़तोड़ लिवाली से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स पहली बार 24 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर 24,068.94 अंक के ऑल टाइम हाई तक गया।
अंत में यह 320.23 अंक की बढ़त के साथ 23871.23 अंक पर के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 94.50 अंक की तेजी के साथ 7,108.75 अंक के नए टॉप पर बंद हुआ।
सेंसेक्स ने कारोबार की शुरुआत ही ढाई सौ अंकों से ज्यादा उछाल के साथ की। बीएसई में कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयर 3 फीसदी से ज्यादा उछले। तेल व गैस, रीयल्टी, आईटी, टेक, ऑटो, एफएमसीजी और मेटल वर्ग एक से दो फीसदी की बढ़त में रहे।
हालांकि हेल्थकेयर सेक्टर पर दबाव बना रहा। बीएसई में कुल 3,038 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,623 लाभ में और 1,268 नुकसान में रहे, बाकी 147 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले शेयरों में भेल, हीरो मोटोकॉर्प, ओएनजीसी, टाटा पावर, विप्रो, आरआईएल, इनफोसिस, गेल इंडिया, टीसीएस और मारुति 2.36 से 10.25 फीसदी की बढ़त के साथ शामिल रहे।
इसके साथ ही सेसा स्टरलाइट, बजाज हिन्दुस्तान यूनि, एनटीपीसी, सिप्ला, भारती एयरटेल एयरटेल, आईटीसी, कोल इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों ने 0.21 से 1.82 फीसदी का लाभ कमाया। दूसरी ओर रेड्डीज लैब, टाटा मोटर्स, हिंडाल्को, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा और महिंद्रा के शयर 0.09 से 3.99 फीसदी के नुकसान में रहे।