जीसएम सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की संख्या जून के महीने में 21 लाख बढ़ी है। इस अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में जीएसएम सेवाओं के तहत मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की संख्या 30.27 करोड़ पहुंच गई है।
सोमवार को जीएसएम सेवाएं देने वाली कंपनियों के एसोसिएशन सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जून 2014 में ग्राहकों की संख्या मई के मुकाबले 21 लाख बढ़ी है। जून तक ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा भारती एयरटेल के ग्राहक हैं। उसके ग्राहकों की संख्या 9.66 करोड़ है।
वहीं वोडाफोन के 9.09 ग्राहक, आइडिया के 7.65 करोड़ करोड़ ग्राहक हैं। इसी तरह एयरसेल के 2.59 करोड़ और यूनीनॉर के 1.23 करोड़ ग्राहक हैं। सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सर्किल में ग्राहक हैं। इस सर्किल में 3.26 करोड़ ग्राहक हैं।जून के महीने में सबसे ज्यादा वोडाफोन ने ग्राहक जोड़े हैं। कंपनी ने इस अवधि में 58 लाख ग्राहक अपने साथ जोड़े हैं। वहीं क्षेत्र के आधार पर देखा जाय, तो पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 4.28 लाख ग्राहक जीएसएम सेवाओं से जुड़े हैं।
सीओएआई के अनुसार दिसंबर 2013 तक के आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में सभी तरह की सेवाओं, जिसमें वायरलेस और वायरलाइन सेवाएं शामिल है, उनके अनुसार वायरलेस सेवाओं में जहां निजी कंपनियों की 89.44 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं वायरलाइन सेवाओं में बीएसएनएल की 99.02 फीसदी हिस्सेदारी है।