बैंकों और निर्यातकों द्वारा डॉलर की तगड़ी बिकवाली और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 68 पैसे के तगड़े उछाल के साथ 53.71 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। यह ढाई महीने का उच्चतम स्तर है। डीजल के दाम तय करने का अधिकार तेल कंपनियों को देने के फैसले से बने सकारात्मक माहौल के चलते शेयर बाजार में तेजी रही, जिसका असर मुद्रा कारोबार पर भी देखा गया।
रुपया शुरूआती कारोबार के दौरान ही 31 पैसे की बढ़त लेने में सफल रहा। इसके अलावा दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डालर में आयी कमजोरी के चलते बैंकों और निर्यातकों ने इसकी बिकवाली शुरू कर दी जिससे रुपये में मजबूती का रुख रहा। कारोबार के दौरान रुपया 53.70 रूपये प्रति डालर के उच्चतम और 54.20 रुपये प्रति डालर के निम्नतम स्तर पर भी दर्ज किया गया। शेयर बाजार के बेेहतर प्रदर्शन ने रुपये को और मजबूती दी।