रिलायंस कैपिटल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (आरकैम) ने कहा है कि वह विदेशी बाजारों में भारत केंद्रित फंड लांच करेगी। कंपनी भारतीय बाजारों में अमेरिका सहित विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश का रुझान बढ़ने से खासी उत्साहित है।
आरकैम अनिल अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी रिलायंस कैपिटल की इकाई है। आरकैम ने हाल ही में जापान में इक्विटी और डेट बाजारों के लिए दो भारत फंड लांच किया है।
आरकैम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संदीप सिक्का ने यहां कहा कि एसेट मैनेजमेंट कंपनी के तौर पर हम चाहते हैं कि विभिन्न विदेशी बाजारों को भारत में निवेश का मौका मिले। हम अपने दीर्घकालिक ट्रैक रिकॉर्ड और मजबूत अनुसंधान क्षमता के साथ यह अवसर उपलब्ध कराना चाहते हैं। हाल ही में हमने जापान में दो योजनाएं पेश कीं और हम दूसरे मौके तलाशेंगे। हमें इतना तय लगता है कि भारत में और निवेश आएगा।
सिक्का यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच दिवसीय यात्रा के मद्देनजर आयोजित भारत निवेश मंच में हिस्सा लेने आए थे। आरकैम देश का सबसे बड़ा म्यूचुअल फंड ‘रिलायंस म्यूचुअल फंड’ का परिचालन करती है, जो एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परिसंपत्ति का प्रबंधन करती है।