नौकरी तलाश रहे लोगों के लिए इस साल रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। नौकरी डॉट कॉम ने अपने हायरिंग आउटलुक सर्वे 2014 में कहा है कि नई नियुक्तियों को लेकर कंपनियों का सेंटीमेंट पहले से बेहतर हुआ है और इस साल कंपनियां नियुक्तियों की रफ्तार बढ़ाएंगी।
नौकरी देने के मामले में आईटी और फार्मा कंपनियां सबसे आगे रहने वाली हैं। वहीं, इस साल वेतन वृद्धि 5 से 15 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है।
64 कंपनियां करेंगी नई भर्तियां
नौकरी डॉट कॉम के इस सर्वे में कंपनियों के नियुक्तियों को लेकर सेंटीमेंट का छमाही आकलन किया जाता है। 800 से अधिक कंपनियों के बीच कराए गए इस सर्वे में 64 फीसदी कंपनियों ने इस साल नई नियुक्तियां करने के संकेत दिए हैं।
जुलाई 2013 के सर्वे के मुकाबले यह एक सकारात्मक आउटलुक है क्योंकि उस समय महज 54 फीसदी कंपनियों ने नए अवसर उपलब्ध कराने के संकेत दिए थे। नौकरी डॉट कॉम को संचालित करने वाली कंपनी इंफोएज इंडिया लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ हितेश ओबराय का कहना है कि 2014 की पहली छमाही में नई नौकरियों को लेकर उछाल है।
2014 एक चुनावी साल है, हमारा मानना है कि चुनाव के बाद कंपनियां अपनी नियुक्तियों की योजनाओं पर फिर से बदलाव करेंगी। आईटी और फार्मा कंपनियों की तरफ से नियुक्तियों के संकेत काफी बेहतर हैं। कुल मिलाकर हमारा मानना है कि 2014 नौकरियों के लिहाज से 2013 से बेहतर साल साबित होगा।
दूसरी छमाही में ज्यादा लोग बदलेंगे नौकरी
सर्वे का कहना है कि नौकरियों की अदला-बदली के अवसर साल की पहली छमाही में कम रह सकते हैं। सर्वे में केवल 30 फीसदी कंपनियों ने 2014 में रिप्लेसमेंट हायरिंग का अनुमान जताया है, जबकि जुलाई 2013 के सर्वे में 54 फीसदी नियोक्ताओं को ऐसी नियुक्तियों की उम्मीद थी।
जहां तक बात छंटनी की है तो महज दो फीसदी कंपनियों ने ही 2014 की पहली छमाही में इस तरह के संकेत दिए हैं। आउटलुक के मुताबिक 2014 में वेतनवृद्धि 2013 के बराबर ही रह सकती है। सर्वे में 70 फीसदी नियोक्ताओं का मानना है कि इस साल वेतन वृद्धि 5 से 15 फीसदी के बीच रह सकती है।