निवेश बैंक मार्गन स्टैनली ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को बढ़ा कर 5.4 फीसदी कर दिया है। इससे पहले उसने जीडीपी की विकास दर 5.1 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। उसने सितंबर तिमाही के जीडीपी आंकड़ों को देखते हुए अपने पिछले अनुमान में बढ़ोतरी की है।
मार्गन स्टैनली का कहना है कि 30 सितंबर को समाप्त तिमाही के दौरान अर्थव्यवस्था की वृद्धि उम्मीद से बेहतर रही रही। गिरावट के दौर से गुजर रहे गैर कृषि क्षेत्र में इस दौरान बढ़ोतरी देखने को मिली है। बेहतर प्रदर्शन और गैर-कृषि क्षेत्र में स्थिरता को देखते हुए वित्त वर्ष 2012-13 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 5.1 फीसदी से बढ़ाकर 5.4 फीसदी किया जा रहा है। हालांकि उसने ऊंची महंगाई दर, चालू खाते के बढ़ते घाटे और बचत दर में कमी के कारण आर्थिक हालात में सुधार की गति धीमी रहने की बात भी कही है।