जर्मन कार निर्माता मर्सिडीज बेंज इंडिया की कारें सितंबर से 2.5 फीसदी तक महंगी हो जाएंगी। कंपनी ने उत्पादन लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए देश में अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक 2.5 फीसदी तक की मूल्यवृद्धि मॉडलों की रेंज के आधार पर होगी।
4 लाख रुपए तक बढ़ेगे दाम
मर्सिडीज बेंज भारत में कॉम्पैक्ट कार ए-क्लास व बी-क्लास, सेडान सी-क्लास, ई-क्लास व एस-क्लास और जी 63 एएमजी सहित लक्जरी कारों की रेंज और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की बिक्री करती है। जिनकी कीमत 26.19 लाख रुपये से 1.85 करोड़ रुपये के बीच है। मूल्यवृद्धि पर मर्सिडीज बेंज इंडिया के एमडी एवं सीईओ एबरहर्ड केर्न का कहना है कि उत्पादन लागत बढ़ने और उच्च विनिमय दरों के चलते कंपनी ने अपनी कुछ मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। हमारा मकसद बाजार में लंबे समय तक अपने कारोबार को बनाए रखना है।