मारीशस ने कर अपवंचना करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि वह मारीशस का इस्तेमाल कर चोरी के लिए करेंगे, तो वह उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।
मारीशस के उप प्रधानमंत्री जेवियर ल्यूक डुआल ने कहा है कि वह भारत को अपनी जमीन से मनी लान्डरिंग या राउंड ट्रिपिंग के प्रयास में संलिप्त किसी भी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई में पूरा सहयोग करेगा।
डुआल ने कहा कि मारीशस को लेकर जो यह धारणा बनी है कि इसका इस्तेमाल भारतीय कंपनियां मनी लान्डरिंग और अन्य कर अपवंचना जैसी गतिविधियों के लिए कर रही हैं, यह पूरी तरह गलतफहमी और गलत सूचना पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने लाभ के लिए इस देश के इस्तेमाल ‘पॉलिटिकल फुटबाल’ की तरह कर रहे हैं।
डुआल ने सख्त लहजों में कहा कि हम यह सुनिश्चित करते हैं कि अपने देश का इस्तेमाल कर चोरी जैसी गतिविधियों के लिए नहीं होने देंगे और जो कोई भी इस तरह की कोशिश करेगा उसे कठोर दंड भुगतना पड़ेगा।