कार निर्माता मारुति सुजुकी ने अपनी कॉम्पैक्ट हैचबैक कार सेलेरियो की प्रतीक्षा अवधि घटाने के लिए इसके ऑटोमेटेड मैन्युअल ट्रांसमिशन (एएमटी) का उत्पादन बढ़ा दिया है। वर्तमान में सेलेरियो एएमटी की प्रतीक्षा अवधि करीब चार माह है।
फरवरी में सेलेरियो की लांचिंग के बाद से अब तक इस मॉडल की 57,800 से अधिक बुकिंग हो चुकी है। इसमें से 43 फीसदी यानी 25,000 कारों की बुकिंग एएमटी वर्जन के लिए है।
मारुति सुजुकी के प्रवक्ता ने बताया कि हम ऑटो शिफ्ट गियर (सेलेरियो) की आपूर्ति बढ़ाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। कंपनी ने सेलेरियो एएमटी का मासिक उत्पादन 4,500 यूनिट से बढ़ाकर 6,500 कर दिया है। अभी तक सेलेरियो एएमटी की करीब 7,000 यूनिट बेची जा चुकी हैं, जबकि मैन्युअल ट्रांसमिशन संस्करण की 22,000 कारें बेची गई हैं।