देश की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) और दोपहिया वाहन कंपनी हीरो मोटोकार्प ने अपने संयंत्रों में बृहस्पतिवार को छुट्टी रखने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने 11 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा देश व्यापी बंद के समर्थन में गुड़गांव-मानेसर क्षेत्र में कर्मचारी यूनियनों के हड़ताल पर जाने के निर्णय के बाद यह कदम उठाया है।
मारुति उद्योग कामगार यूनियन के महासचिव कुलदीप झांगू ने बताया कि प्रबंधन के साथ बैठक के बाद यह सहमति बनी कि दोनों संयंत्रों गुड़गांव और मानेसर में बृहस्पतिवार को अवकाश रहेगा। कर्मचारी रविवार को काम कर इसकी पूर्ति करेंगे। इससे पहले उन्होंने कहा था कि एमएसआई के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे और बृहस्पतिवार को गुड़गांव व मानेसर संयंत्रों में कोई उत्पादन नहीं होगा।
हीरो मोटोकार्प ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने गुड़गांव और दारूहेड़ा स्थित अपने दो संयंत्रों में 21 फरवरी को अवकाश रखने की घोषणा की है। कंपनी के प्रवक्ता कहा कि अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों को संयंत्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
इसकी भरपाई के लिए भविष्य में किसी अन्य दिन अतिरिक्त काम किया जाएगा। इससे पहले हीरो मोटोकार्प वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष कंवलप्रीत सिंह ने कहा था कि कंपनी की गुड़गांव फैक्टरी के कर्मचारी बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहेंगे। संयोग से इस संयंत्र के कर्मचारियों की तीन साल के वेज समझौते को लेकर प्रबंधन के साथ जारी बातचीत विफल हो चुकी है।
11 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया एंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि गुड़गांव, मानेसर, दारूहेड़ा और बावल में विभिन्न फैक्टरियों के 27 कर्मचारी यूनियनों ने एक दिन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इसलिए बृहस्पतिवार को इन संयंत्रों में कोई उत्पादन कार्य नहीं होगा। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि कलपुर्जा बनाने वाली अन्य कंपनियों जैसे सत्यम ऑटो और रिको ऑटो की यूनियनें भी हड़ताल में शामिल होंगी।