भारतीय मूल के दो उद्यमियों पर अमेरिकी प्रशासन ने भेदिया कारोबार का आरोप लगाया है।
आरोप में कहा गया है कि इन दोनों उद्यमियों ने भारत की अपोलो टायर्स द्वारा कापर टायर एंड रबर के प्रस्तावित अधिग्रहण के जरिए 10 लाख डॉलर से अधिक का अवैध मुनाफा कमाया है।
मैसाचुसेट्स के 47 वर्षीय उद्यमी और प्राइवेट इक्विटी इन्वेस्टर अमित कनोदिया और लंबी अवधि के उनके मित्र इफ्तिखार अहमद पर सेक्युरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (एसईसी) ने कनेक्टीकट की अमेरिका की जिला अदालत में एक शिकायत में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
एसईसी ने मांग की है कि कनोदिया और अहमद गलत तरीके से कमाए गए मुनाफे को ब्याज के साथ वापस करें और सिविल मौद्रिक जुर्माने का भुगतान करें। इसके साथ मैसाचुसेट्स के यूएस अटॉर्नी ऑफिस ने शुक्रवार को कनोदिया और अहमद के खिलाफ आपराधिक मामला शुरू करने की घोषणा की है।