आउटसोर्सिंग सेवा देने वाली प्रमुख कंपनी आईगेट ने अशोक वेमुरी को कंपनी का प्रेसिडेंट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वेमुरी अपना पदभार 16 सितंबर को संभालेंगे।
आईगेट ने इस साल मई में अपने पूर्व सीईओ फर्णीश मूर्ति को अपनी सहयोगी के साथ संबंधों के चलते कंपनी से निकाल दिया था।
आईगेट द्वारा जारी बयान के मुताबिक वेमुरी कंपनी के निदेशक मंडल में भी शामिल होंगे। उन्होंने मई 2013 से कंपनी के अंतरिम प्रेसिडेंट एवं सीईओ के पद पर कार्यरत गेरहार्ड वाटजिंगर का स्थान लिया है।
वेमुरी आईगेट से जुड़ने से पहले इनफोसिस की अमेरिका स्थित इकाई के अध्यक्ष और कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग के ग्लोबल हेड के पद पर कार्यरत थे।
ऐसा माना जा रहा था कि अशोक वेमुरी इनफोसिस के अगले सीईओ पद की रेस में हैं और एसडी शिबुलाल की जगह लेंगे।
इनफोसिस के अमेरिका प्रमुख के रूप में वुमेरी के पास कंपनी के सबसे अधिक राजस्व देने वाले क्षेत्र के कारोबारी परिचालन की जिम्मेदारी थी।
वेमुरी इनफोसिस से पिछले 15 साल से जुड़े थे। उन्होंने इनफोसिस के फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस बिजनेस को स्थापित कराया और इसे कंपनी की सबसे बड़ी कारोबारी इकाई के रूप में विकसित किया।
अपनी नियुक्ति पर अशोक वेमुरी ने कहा कि वह अपने प्रेसिडेंट एवं सीईओ की भूमिका को लेकर बहुत अधिक उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि मैं आईगेट कंपनी बोर्ड और प्रबंधन के साथ मिलकर कंपनी को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करूंगा।