बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के चेयरमैन जे. हरि नारायण ने कहा है कि पारंपरिक जीवन बीमा उत्पादों के लिए अंतिम दिशानिर्देश 8 फरवरी की बैठक के बाद जारी किए जा सकते हैं। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि बीमा सलाहकार समिति अपनी पिछली बैठक में दिशानिर्देशों पर विचार कर चुकी है, उम्मीद है कि नियामक से समक्ष उसे उसी रूप में पेश किया जाएगा। बीमा नियामक की 8 फरवरी को होने वाली बैठक के बाद इन्हें अधिसूचित किए जाने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पिछले साल जून में बीमा नियामक इरडा ने जीवन बीमा उत्पादों में प्रस्तावित बदलाव के लिए मसौदा दिशानिर्देश जारी किया था। इनमें न्यूनतम सम एश्योर्ड राशि सालाना प्रीमियम का 10 गुना या 45 साल उम्र से नीचे के पॉलिसीधारकों के लिए सम एश्योर्ड राशि बीमे की अवधि के सालाना प्रीमियम के गुणक का 0.5 गुना करने का प्रस्ताव है।
इरडा के अनुसार, बीमा कंपनियों को 31 मार्च तक टर्म प्लान और एंडाउमेंट प्लान जैसे मौजूदा पारंपरिक प्लान को वापस लेना और फिर से फाइल करना होगा। जबकि, व्यक्तिगत पारंपरिक योजनाओं के लिए यह अवधि इस साल 30 जून तक है।