बिहार चुनाव के खत्म होने का इंतजार कर रही केंद्र सरकार ने जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाने की तैयारी कर ली है। सरकार एका-एक तीन ऐसी घोषणाएं की हैं जिनसे देश के हर बाशिंदे की जेब हल्की होना तय है।
पहली घोषणा में रेल यात्रियों को कंफर्म टिकट लौटाना महंगा पड़ेगा, दूसरी घोषणा में एलपीजी गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी निर्धारित की जाएगी कि किसको मिले और तीसरी घोषणा सर्विस टैक्स से जुड़ी है।
सरकार ने ऐलान किया है कि जो लोग रेलवे से सफर करते हैं वह अगर कंफर्म टिकट कैंसल कराते हैं तो अब टिकट पर होने वाली कटौती डबल हो जाएगी। अगर सूत्रों की माने तो आगामी 12 नवम्बर से कंफर्म टिकट रद्द कराना डबल महंगा हो जाएगा।
इतना ही नहीं ट्रेन छूटने के चार घंटे के भीतर टिकट रद्द कराने वालों को अब कुछ नहीं मिलेगा। वहीं 48 घंटे से लेकर 12 घंटे पहले तक टिकट रद्द कराने पर 75 फीसदी किराया ही वापस होगा, जबकि 12 से लेकर चार घंटे पहले तक टिकट रद्द कराने पर 50 फीसदी किराया ही मिलेगा।
रेलवे अब यात्रियों से दोगुना चार्ज वसूलेगी। जानकारों की माने तो रेलवे यह कवायद घाटे में कमी लाने के लिए कर रही है।
जनता को देना होगा स्वच्छ भ्ाारत सेस
वहीं दूसरे एलान में सरकार ने सर्विस टैक्स में 0.5 फीसद की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी स्वच्छ भ्ाारत सेस के नाम पर की गयी है।
इस सेस से होने वाली आय को सरकार स्वच्छता अभियान में खर्च करेगी। सरकार के सेस लगाने से हर वह सेवा जो सर्विस टैक्स के दायरे में आती है महंगी हो जाएगी।
मौजूदा समय में सर्विस टैक्स 14 फीसद की दर से वसूला जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सरकार ने बजट के दौरान कहा था कि स्वच्छ भ्ाारत सेस केवल उन्ही पर लगेगा जिनकी आय अधिक है,लेकिन आज के ऐलान ने सबको चकित कर दिया है।
सबको नहीं मिलेगी गैस सिलेंडर पर सब्सिडी
वहीं तीसरे ऐलान में सरकार ने रसोई गैस के इस्तेमाल करने वाली गृहणियों को झटका दिया है। सरकार ने ऐलान किया है कि वह ऐसी नीति बनाने जा रही है जिसके बाद एलपीजी गैस पर मिलने वाली सब्सिडी सबको नहीं मिल सकेगी।
नई नीति के अनुसार रसोई गैस पर सब्सिडी ग्राहक की आय को देखकर दी जाएगी। सरकार तय करेगी की किस आय वाले को 12 सिलेंडरों पर दी जाने वाली सब्सिडी लागू होगी।
जिन ग्राहकों पर यह सब्सिडी लागू नहीं होगी उनको बाजार भाव पर सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। सरकार के इस ऐलान के बाद कहा जा सकता है कि सरकार ने जनता पर महंगाई का बम फोड़ने की तैयारी कर ली है।