मोदी सरकार ने मल्टीब्रांड रिटेल में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) पर अपना रुख साफ कर दिया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनी निर्मला सीतारमण ने विदेशी कंपनियों को देश में मेगा स्टोर खोलने की छूट नहीं देने का संकेत दिया है।
मंगलवार को मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मल्टीब्रांड रिटेल में एफडीआई को लेकर भाजपा का रुख बिलकुल स्पष्ट है।
फिलहाल इस क्षेत्र में एफडीआई का रास्ता खोलना बेहतर नहीं है। हमारे छोटे व मझोले व्यापारी और किसान इतने सशक्त नहीं हैं, कि मल्टीब्रांड रिटेल में एफडीआई की छूट दी जाए। इससे उनके हितों को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि मल्टीब्रांड रिटेल के अलावा जिन क्षेत्रों में रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विदेशी पूंजी की आवश्यकता है, वहां एफडीआई की छूट दी जाएगी।