विदेशों में तेजी के बावजूद स्थानीय स्तर पर मांग सुस्त रहने से दिल्ली सराफा बाजार में सोना 505 रुपए गिरकर 30,380 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।
चांदी के भाव भी 280 रुपए घटकर 49,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गए।
लंदन से मिली जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,332.80 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी 0.55 फीसदी चढ़कर 21.76 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
हालांकि न्यूयार्क में सोने में 8.3 फीसदी की गिरावट रही और भाव 1,327.90 डॉलर प्रति औंस पर रहे। चांदी भी यहां 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 21.71 डॉलर प्रति औंस पर रही।
घरेलू बाजार में गिन्नी के दाम 200 रुपए गिरकर 24,900 रुपए प्रति आठ ग्राम पर आ गए।
चांदी सिक्के में भी दो हजार रुपए की गिरावट रही और भाव 84,000 रुपए प्रति सैकड़ा लिवाली और 85,000 रुपए प्रति सैकड़ा बिकवाली के रहे।
कारोबारियों का कहना है कि मांग कमजोर रहने से सोने की चमक फीकी पड़ी है। निवेशक सोने से पैसा निकाल रहे हैं, जिससे दाम गिरे हैं। पितृ पक्ष के कारण खुदरा मांग नहीं आ रही है और थोक में भी उठाव कमजोर है।
सोना आयात बढ़कर 7.24 टन
सितंबर में देश में सोने का आयात अगस्त के 3.38 टन की तुलना में दुगने से अधिक 7.24 टन पर पहुंच गया।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक बीते माह 25 सितंबर तक देश में 7.24 टन सोने का आयात हुआ। अगस्त के महीने में यह 3.38 टन रहा था।
मई में सोना आयात 162 टन पर पहुंचने के बाद सरकार ने सोने के बढ़ते आयात से चालू खाते के घाटे (कैड) में बढ़ोतरी को देखते हुए सोने पर आयात शुल्क को बढ़ाकर 10 फीसदी कर दिया था।
इसके अलावा सोने के आयात पर अंकुश लगाने के लिए और भी कई कदम उठाए गए थे।
सोने के टैरिफ मूल्य में इजाफा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में मजबूती को देखते हुए सरकार ने इसके आयात पर शुल्क की गणना के लिए तय किए जाने वाले टैरिफ मूल्य को चार डॉलर बढ़ाकर 436 डॉलर प्रति दस ग्राम कर दिया है।
जबकि चांदी का टैरिफ मूल्य 34 डॉलर घटाकर 702 डॉलर प्रति किलो किया गया है। पहले सोने का टैरिफ मूल्य 432 डॉलर प्रति दस ग्राम और चांदी का 736 डॉलर प्रति किलो था।