अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने-चांदी की कीमतों में तेजी और घरेलू स्तर पर स्टॉकिस्टों की लिवाली से दिल्ली सर्राफ बाजार में सोना 755 रुपये की छलांग लगाकर 29 हजार के स्तर को पार करता हुआ 29,200 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
यह चार माह का सबसे ऊंचा स्तर रहा। चांदी भी 915 रुपये की छलांग लगाकर उछलकर 42,260 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई। लंदन में सोने का भाव 0.5 फीसदी बढ़कर 1,332.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
सिंगापुर में सोना 1,339.74 डॉलर प्रति औंस रहा। चांदी के भाव में 1.4 फीसदी की तेजी रही और यह 20.01 डॉलर प्रति औंस पर रही।
कारोबारियों के मुताबिक सोने का आयात महंगा होने के चलते निवेशक शेयर से पैसा निकाल कर सोने में लगा रहे हैं, जिसके चलते इसकी कीमतों में तेजी आ रही है। स्थानीय स्तर पर स्टॉकिस्टों और निवेशकों की जोरदार लिवाली के चलते सोने और चांदी में तेजी दिख रही है।
हालांकि घरेलू बाजार में सोने में उछाल के बावजूद गिन्नी के दाम पिछले कारोबारी दिवस के 24,400 पये प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहे। मांग मजबूत होने से चांदी सिक्के में भी एक हजार रुपये प्रति सैकड़ा की तेजी रही। लिवाली और बिकवाली भाव क्रमश : 81,000 रुपये व 82,000 रुपये प्रति सैकड़ा बोले गए।