अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी और घरेलू स्तर पर वैवाहिक सीजन की मांग बढ़ने से घरेलू सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तगड़ी बढ़त देखी गई।
दिल्ली सराफा बाजार में सोने का भाव 465 रुपये बढ़कर 31,450 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। यह करीब ढाई महीने के उच्चतम स्तर है। इसी के साथ चांदी 900 भी रुपये की बढ़त के साथ करीब तीन महीने के उच्चतम स्तर 47,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
अंतरिम बजट में सोने के आयात शुल्क में कोई बढ़ोतरी न किए जाने से बाजार में खरीदारी हुई। गिन्नी 200 रुपये मजबूत होकर 25, 600 रुपये पर रही। चांदी सिक्का लिवाली और बिकवाली 89,000 व 90,000 रुपये प्रति सैकड़ा रहे।
घरेलू सराफा कारोबारियों ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार अंतरिम बजट में सोने के आयात शुल्क में कटौती का प्रस्ताव करेगी।
इस उम्मीद में कारोबारियों के लिवाली के स्थान पर बिकवाली पर विशेष जोर दिया गया लेकिन बजट के अनुमान के अनुकूल नहीं होने से स्टाक में आई कमी और दूसरी ओर शादी विवाह का सीजन होने की वजह से बाजार में ग्राहकी आने से दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखी जा रही है।
सिंगापुर में सोने के भाव 0.9 फीसदी की बढ़त के साथ 1,330.03 डॉलर प्रति औंस पर रहे। चांदी 2.2 फीसदी की तेजी के साथ 21.97 डॉलर प्रति औंस पर रही।