घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में विपरीत रुख देखने को मिला। सोने में जहां गिरावट रही, वहीं चांदी का बढ़त की ओर बढ़ने का सिलसिला जारी रहा। दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 30 रुपये की गिरावट के साथ 26,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।
चांदी 375 रुपये की तेजी के साथ 37,025 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। सोने में नरमी के बावजूद मांग आने से अठग्रामी गिन्नी के भाव 100 रुपये बढ़कर 23,800 रुपये रहे। चांदी के सिक्के में भी 1,000 रुपये की तेजी रही।
खरीद भाव 62,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिक्री 63,000 रुपये प्रति सैकड़ा रहे। विदेशी बाजारों में सोने में गिरावट जारी रही। न्यूयार्क में सोना 0.2 फीसदी फिसल कर 1,196.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा।