विदेशी बाजारों में आई तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर मांग बढ़ने से एक बार फिर सोने ने तेजी का रुख किया है।
घरेलू सराफा बाजार में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी दिन सोने में तेजी आई और भाव 300 रुपये मजबूत होकर 27,400 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए।
चांदी भी गिरावट से उबरते हुए 500 रुपये की रिकवरी कर 45,800 रुपये प्रति किलो हो गई।
पिछले दिनों सोने में आई तेज गिरावट के बाद आगामी वैवाहिक सीजन के मद्देनजर खुदरा कारोबारियों और स्टॉकिस्टों ने निचले भाव पर खरीदारी की। जिसके चलते कारोबारी सेंटीमेंट मजबूत हुआ।
लंदन में सोने के भाव 1.3 फीसदी उछलकर 1,422.56 डॉलर प्रति औंस हो गए और चांदी 0.5 फीसदी बढ़कर 23.36 डॉलर प्रति औंस पर रही। वायदा बाजार में भी मजबूती का रुख है।
घरेलू स्तर पर सोना 99.9 और सोना 99.5 दोनों में 300-300 रुपये की तेजी आई और भाव क्रमश: 27,400 और 27,200 रुपये प्रति दस ग्राम रहे।
पिछले दो दिनों में 750 रुपये की बढ़त हासिल करने से पहले सोने में पिछले सप्ताह 3,250 रुपये की भारी गिरावट आई थी। सोने के आठ ग्राम की गिन्नी भी 100 रुपये मजबूत होकर 24,100 रुपये प्रति हो गई।
चांदी हाजिर 500 रुपये ऊपर 45,800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले छह सत्रों में चांदी में 7,300 रुपये की गिरावट आई थी।
चांदी सिक्के में 1,000 रुपये प्रति सैकड़ा की बढ़ोतरी रही। चांदी सिक्का लिवाली 76,000 और बिकवाली 77,000 रुपये प्रति सैकड़ा रहे।