कमजोर वैश्विक रुझानों के चलते घरेलू सराफा बाजार में सोने के भाव लुढ़ककर 10 माह के निचले स्तर पर आ गए। हालांकि, औद्योगिक मांग के बल पर चांदी पिछली गिरावट से उबरने में कामयाब रही।
स्थानीय बाजार में सोने के भाव 100 रुपये गिरकर 29,500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए। वहीं, चांदी 500 रुपये की मजबूती लेकर 51,750 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
सोने-चांदी के सिक्कों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। सोने की आठ ग्राम की गिन्नी 25,100 रुपये प्रति पर टिकी रही। जबकि, चांदी सिक्का लिवाली 78,000 और बिकवाली 79,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
अंतरराष्ट्रीय सराफा बाजार में सोने में गिरावट का रुझान बना रहा। वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार आने से निवेशक दूसरी परिसंपत्तियों में पैसा लगाने को तरजीह दे रहे हैं। जिसके चलते सोने में नरमी आ रही है।
सिंगापुर में सोने के भाव 1 फीसदी गिरकर 1,541.82 डॉलर प्रति औंस पर आ गए। चांदी भी 1 फीसदी की गिरावट लेकर 26.73 डॉलर प्रति औंस पर रही।