केंद्र सरकार जल्द ही रसोई गैस की कीमत बढ़ाने जा रही है। मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक गुजरात चुनाव के बाद रसोई गैस का सिलेंडर 109 रुपये महंगा हो जाएगा। माना जा रहा है कि यदि गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाई गई तो सब्सिडी वाले सिलेंडर भी 100 रुपये से ज्यादा महंगे हो जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या 6 से 9 हो जाएगी। आर्थिक विश्लेषकों का कहना है कि सिलेंडरों की संख्या 6 से 9 करने पर सरकार पर करीब 9000 करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ पड़ेगा। ऐसे में सरकार इसकी भरपाई सिलेंडर के दाम 109 रुपये बढ़ाकर करेगी।
इस मसले पर जल्द ही कांग्रेस की कोर कमेटी की बैठक होगी। हालांकि इस पर अंतिम फैसला कैबिनेट की बैठक में लिए जाने की उम्मीद है। कैश ट्रांसफर योजना पर चुनाव आयोग से मिली फटकार के बाद केंद्र सरकार चुनाव आचार संहिता के कारण यह फैसला लेने से बच रही है।