मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) को कार की बिक्री के लिहाज से इस बार त्योहारी सीजन पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहने की उम्मीद है। एमएसआई के चेयरमैन आरसी भार्गव के अनुसार कारोबारी धारणा बेहतर हुई है और सरकार सही दिशा में कदम उठा रही है।
हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें इंडस्ट्री में बड़े पैमाने पर ग्रोथ बरकरार रहने की उम्मीद नहीं है। कंपनी के अधिकारी अवनीश्ा देव की याद में आयोजित व्याख्यान से इतर भार्गव ने कहा कि गुजरात प्लांट पर कम हिस्सेदारी वाले माइनॉरिटी शेयरहोल्डर्स की वोटिंग अक्तूबर में हो सकती है।
हालांकि हमने इसके लिए अभी कोई तिथि तय नहीं की है। गुजरात प्लांट पर एमएसआई का कदम शेयरधारकों के लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि जहां तक गुजरात प्लांट की संरंचना का संबंध है, यह स्वीकार किया गया है कि संरचना मारुति के शेयरधारकों के लिए लाभदायक है।
संस्थागत निवेशकों ने यह मुद्दा उठाया है कि ज्यादा लाभांश का भुगतान क्यों किया गया, रॉयल्टी का ऑडिट क्यो किया गया। संरचना को लेकर कोई मुद्दा नहीं है। यह पूछे जाने पर कि कम हिस्सेदारी वाले शेयरधारकों की मंजूरी लेने को लेकर प्रबंधन को कितना विश्वास है, कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिची आयुकावा ने कहा कि हमने निवेशकों को अपनी बात बताई और हमें निवेशकों की ओर से कोई नकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
हम बेहतर नतीजों की उम्मीद कर रहे हैं। एमएसआई ने जून में गुजरात प्लांट को लेकर अपने कदम को वैश्विक और घरेलू निवेशकों के सामने स्पष्ट करने के लिए रोड शो किया था।
अवनीश्ा कुमार देव को याद करते हुए केनिची आयुकावा ने कहा कि मैन्यूफैक्चरिंग में हमारा अनुभव बताता है कि चाहे कारोबार हो या देश, हमें लोगों का सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर आरसी भार्गव ने कहा कि औद्योगिक संबंधों को समावेशी विकास की ओर ले जाना होगा।