आयकर विभाग की तलाशियों और जांच-पड़ताल में वित्त वर्ष 2013-14 में करीब 90 हजार करोड़ रुपये का काला धन पकड़ में आया है। यह जानकारी केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन केवी चौधरी ने दी है।
चौधरी ने बताया कि बीते वर्ष आयकर विभाग ने देशभर में कुल 5,327 आयकर सर्वे किए। इनमें करीब 90 हजार करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के दौरान करीब 54 हजार करोड़ रुपये के रिफंड की गणना करते हुए 1.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आयकर वसूली हुई है।
उन्होंने कहा कि आयकर विभाग कर वसूली के दायरे को बढ़ाने के लिए सूचनाओं के ज्यादा बड़े डेटाबेस और कारोबार से जुड़ी जानकारियों को इस्तेमाल में लाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे ज्यादा लोगों के आयकर के दायरे में आने की उम्मीद है।