सरकार ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के 1,140.10 करोड़ रुपये के नौ प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। सरकार ने यह मंजूरी विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की सिफारिशों पर दी है। वहीं, एफडीआई के 11 प्रस्तावों पर फैसला टाल दिया गया जबकि दो प्रस्तावों को खारिज कर दिया गया।
सरकार की ओर से एफडीआई को मिली मंजूरियों में मल्टी स्क्रीन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के 545 करोड़ रुपये और वायर एंड वायरलेस इंडिया लिमिटेड के 324 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा, महिंद्रा इंश्योरेंस व महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के 80.41 करोड़ रुपये, कॉर्डलाइफ साइंसेज लिमिटेड के 6.11 करोड़, लागार्डेरे सर्विसेज सिंगापुर के 53.87 करोड़, सिक्यूरिटी व इंटेलीजेंस सर्विसेज के 82.90 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को भी सरकार की मंजूरी मिल गई है।
आईकिया के प्रस्ताव पर कैबिनेट करेगा विचार
आईकिया के 10,500 करोड़ रुपये के एफडीआई प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं हो सका है। सरकार ने आईकिया के एफडीआई प्रस्ताव पर आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीईए) को विचार करने की सिफारिश की है।