देश की दिग्गज आईटी कंपनी इनफोसिस 12 दिसंबर को अमेरिकी शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक नास्डैक-100 से बाहर हो जाएगी। सूचकांक में फेसबुक को शामिल किए जाने के चलते इनफोसिस को अपनी जगह गंवानी पड़ेगी। पिछले सप्ताह की गई घोषणा के मुताबिक इनफोसिस को नास्डैक के बेंचमार्क सूचकांक ने नास्डैक-100 से हटा कर एनवाईएसई में शामिल कर दिया जाएगा।
नास्डैक ने इस बारे में एक बयान जारी कर बताया है कि 12 दिसंबर को बाजार खुलने से पहले फेसबुक को नास्डैक-100 इनडेक्स के साथ-साथ नास्डैक-100 इक्वल वेट इनडेक्स और नास्डैक-100 टेक्नोलॉजी सेक्टर इनडेक्स में जगह दे दी जाएगी। इन सभी सूचकांकों में फेसबुक इनफोसिस की जगह लेगी।
इनफोसिस ने बताया है कि 12 दिसंबर से अमेरिका में उसके शेयर एनवाईएसई यूरोनेक्स्ट मार्केट में इनफी ट्रिकर सिंबल के साथ कारोबार करेंगे। इसके साथ ही स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने तक उसके नास्डैक में भी उसके शेयर का कारोबार इनफी सिंबल के साथ जारी रहेगा। गौरतलब है कि इनफोसिस नास्डैक में सूचीबद्ध होने वाली पहली भारतीय कंपनी है, जोकि 1999 में सूचीबद्ध हुई थी। इसके बाद 2006 में इसे नास्डैक के प्रमुख सूचकांक नास्डैक-100 में शामिल किया गया था।