विदेशों में कालाधन छुपाने वालों के लिए सरकार की ओर से तय की गई अंतिम समय सीमा के तहत देशभर में महज 638 लोगों ने 3770 करोड़ रुपये के कालेधन का खुलासा किया है।
इससे न सिर्फ आयकर विभाग के अधिकारी बल्कि वित्त मंत्रालय के अधिकारी भी स्तब्ध हैं। अब इस बात की रणनीति बनायी जा रही है है कि कालेधन को विदेशों में छुपाने वालों के खिलाफ क्या और कैसे कार्रवाई हो। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अब देश भर में छापा मार कर ऐसे लोगों को पकड़ा जाएगा।
केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक हालांकि इस बात की कोई सटीक जानकारी नहीं है कि विदेशों में भारत का कितना कालाधन छुपाया गया है। लेकिन आधिकारिक और गैर आधिकारिक मंचों से जो भी अनुमान आता रहा है, उसके मुकाबले कंप्लायेंस विंडों में काफी कम राशि का खुलासा हुआ है।
इसलिए केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड -सीबीडीटी- के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्रणा की जा रही है। उसके बाद तय किया जाएगा कि कालाधन छुपाने वालों को पकड़ने के लिए क्या-क्या किया जाए। उन्होंने एक बात का तो स्पष्ट संकेत दिया कि देशभर में ऐसे लोगों के यहां छापा मारने का काम शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।