अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था चार साल पहले के हालात की अपेक्षा काफी बेहतर स्थिति में है। हालांकि वह स्थिति दोबारा न लौटने पाए इसके लिए काफी काम बाकी है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेय कार्ने ने कहा कि अगर आप उस वक्त से तुलना करें जब बराक ओबामा ने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद देश को पहली बार संबोधित किया था, तो आज उसकी अपेक्षा हालात काफी बेहतर हो चुके हैं। आज हम अर्थव्यवस्था के सहजता के साथ आगे बढ़ने की स्थिति में आ पहुंचे हैं। हम उस स्थिति में आ गए हैं, जहां अर्थव्यवस्था ने विकसित होना शुरू कर दिया है।
पिछले 35-36 माह से हमारे कारोबार में लौटी गति के चलते करीब 61 लाख नई नौकरियां मिली हैं। इससे पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बीती देर रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि वह अर्थव्यवस्था की मजबूती और रोजगार के सृजन पर ध्यान केंद्रित रखना आगे भी जारी रखेंगे। मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि देश के राष्ट्रपति के रूप में मेरा पहला दायित्व अर्थव्यवस्था में गिरावट के दौर को पूरी तरह से खत्म करना है।