कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने में कंपनियां आने वाले साल में कुछ कंजूसी दिखाएंगी। एक अध्ययन के मुताबिक 2013 में कंपनियां कर्मचारियों को औसतन 11.2 फीसदी तक की वेतन वृद्धि देंगी, जोकि 2012 में की गई 12 फीसदी की बढ़ोतरी से कुछ कम है।
ग्लोबल मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म हे ग्रुप ने अपने अध्ययन में बताया है कि भारतीय कंपनियां नए साल में ‘पे फॉर परफार्मेंस’ यानी प्रदर्शन के आधार पर पारिश्रमिक बढ़ाने का मंत्र अपनाते हुए वेतन वृद्धि पर इस बार हल्की कैंची चला सकती हैं। कंपनियों की ओर से यह रवैया अपने अलग-अलग स्तर के कर्मचारियों पर कमोबेश समान रूप से अपनाया जा सकता है।
हालांकि कंपनियों में निचले वर्ग के तहत क्लैरिकल व ऑपरेशनल काम करने वाले कर्मचारियों को 11.2 के औसत से कुछ अधिक 11.5 फीसदी की वेतन वृद्धि मिल सकती है। इनसे ऊपर मध्य श्रेणी के प्रबंधन कर्मियों (मिड लेवल मैनेजमेंट) की वेतन बढ़ोतरी इस औसत से करीब आधे फीसदी कम 10.9 फीसदी पर ही सिमट सकती है।