सेवा क्षेत्र की कंपनी अर्नस्ट एंड यंग ने अपने 14वें एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर (ईओवाई)- इंडिया 2012 अवॉर्ड के लिए देश के 16 सबसे इनोवेटिव बिजनेस लीडर्स को फाइनलिस्ट के तौर पर चुना है। सभी फाइनलिस्ट को 21 फरवरी को मुंबई में होने वाले समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
अर्नस्ट एंड यंग एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा इन 16 फाइनलिस्ट से विभिन्न वर्गों में की जाएगी। इसमें से एक को देश का विजेता (कंट्री विनर) चुना जाएगा। कंट्री विनर मांटे कॉर्लो में जून 2013 में होने वाले अर्नस्ट एंड यंग वर्ल्ड एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (डब्लूईओवाई) में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। अर्नस्ट एंड यंग एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर एकमात्र वैश्विक पुरस्कार है, जिसमें उद्यमियों को पुरस्कृत किया जाता है।
फाइनलिस्टों का चयन मारुति सुजुकी लिमिटेड के चेयरमैन आरसी भार्गव की अध्यक्षता वाली 9 सदस्यीय स्वतंत्र निर्णायक मंडल ने किया है। निर्णायक मंडल के अन्य सदस्यों में ए. वेलायन (मुरुगप्पा ग्रुप), जीवी प्रसाद (डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज), हर्ष मारीवाला (मेरिको), ईशात हुसैन (टाटा संस), डॉ. राजीव बी. लाल (आईडीएफसी), एस. रामादोराई (टीसीएस), संजय नायर (केकेआर इंडिया) और शिखा शर्मा (एक्सिस बैंक) शामिल हैं।
अर्नस्ट एंड यंग इंडिया के कंट्री मैनेजिंग पार्टनर राजीव मेमानी ने कहा कि अर्नस्ट एंड यंग एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवॉर्ड एकमात्र कारोबारी पुरस्कार है, जो स्व-नामांकन पर आधारित है। अब देश में इसके 14वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इस पुरस्कार के लिए जो नामांकन प्राप्त हो रहे हैं, वह भारत में उद्यमियों की बढ़ती सफलता को प्रदर्शित करते हैं।