यूं तो आपका भी कई बार अपने पड़ोसी से मनमुटाव हुआ होगा। कई पड़ोसियों में विवाद के चलते बोलचाल तक बंद हो जाती है। लेकिन एक महिला अपने पड़ोसी से इतना चिढ़ गई कि उसने अपने पालतू कुत्ते का नाम पड़ोसी के नाम पर रख दिया। अब परेशान पड़ोसी ने महिला पर मानहानि का दावा कर दिया है।
मामला उत्तरी चीन के घांसु प्रांत का है। मेट्रो.को.यूके के अनुसार ह्यू लिन का अपने पड़ोसी वैंग सुन के साथ छह साल से झगड़ा चल रहा था। ये झगड़ा मकान के विस्तार को लेकर था और ह्यू अपने पड़ोसी वैंग से काफी चिढ़ी हुई थी।
जब चाह कर भी ह्यू वैंग को मकान बढ़ाने से रोक नहीं पाई तो उसने अपनी भड़ास निकालने का नया तरीका खोज लिया। ह्यू ने अपने पालतू कुत्ते का नाम 'वैंग' रख लिया। यही नहीं ह्यू पड़ोसी को सुनाने के लिए तेज आवाज में कुत्ते को पुकारा करती और पड़ोसी दिल ही दिल में जलता रहता।
वैंग के अनुसार 'वो जब भी मुझे देखती, अपने कुत्ते को तेज आवाज में वैंग वैंग करके पुकारने लगती। हर कोई जान गया था कि वो मुझे बेइज्जत करना चाह रही है। पड़ोसन के इस कृत्य पर मैं काफी परेशान रहने लगा'
आखिरकार वैंग ने पुलिस को रिपोर्ट कर दी। मामला अदालत में पहुंचा और जज ने भी वैंग की परेशानी को जायज ठहराया। जज ने कहा कि ह्यू के कदम से वैंग को मानसिक परेशानी हुई है। यही नहीं अदालत ने ह्यू पर 500 डॉलर का जुर्माना लगाया और ह्यू को माफी मांगने का आदेश दिया।