यूं तो भारत के हर थाने में पति की सताई पत्नियों की शिकायतें मौजूद हैं। लेकिन फिर भी भारतीय पति इतने भी बुरे नहीं है। ये हम नहीं कह रहे बल्कि अमेरिका से आई साइकोलॉजिल्ट कह रही हैं। अमेरिकी साइकोलॉजिस्ट एलिवा को व्यवहार और रोमांस के मामले में भारत के पति बहुत पसंद आए हैं। खासकर एलिवा भगवान शिव और कृष्ण को परफेक्ट पति बताती हैं।
कैलीफोर्निया से आई एक मनोविज्ञानी ने भारतीय पतियों के स्वभाव पर शोध के बाद निष्कर्ष निकाला है कि ज्यादातर पति बेहद खुशमिजाज हैं। वे पत्नी और बच्चों का ध्यान रखते हैं। हालांकि शोध के दौरान एक चौथाई पति ऐसे भी मिले जो बेहद गुस्से वाले हैं और अक्सर घर में झगड़ा करते हैं। मनोविज्ञानी ने भगवान कृष्ण और शिव के संदर्भ में भी पतियों के व्यवहार, उनकी रुचियों पर अध्ययन किया है।
राधा और कृष्ण से खासतौर पर प्रभावित इल-एलिवा कई दिनों से महाकुंभ में हैं। कृष्ण के स्वभाव से बेहद प्रभावित एलिवा के मुताबिक उन्होंने दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश में पतियों पर शोध किया है। पिछले तीन महीनों से भारत में हैं। इस दौरान लगभग दो हजार पतियों और उनके घरवालों से बातचीत कर चुकी हैं। पारिवारिक रिश्तों पर पड़ताल के बाद निष्कर्ष निकाला है कि ज्यादातर भारतीय पति बेहद लवली और पत्नी के प्रति केयरिंग होते हैं। उन्होंने इसी संदर्भ में राधा के प्रति कृष्ण के लगाव को परखने की भी चेष्टा की।
मनोविज्ञानी इल-एलिवा कैलीफोर्निया में क्लीनिक चलाती हैं और सामाजिक कार्यों में भी हिस्सा लेती हैं। उनके क्लीनिक पर भारतीय भी पहुंचते हैं। वहां भी भारतीय दंपतियों में उन्होंने गहरा लगाव देखा और समझा है। वह उनमें राधा-कृष्ण का प्रभाव देखती हैं। पिछले कई वर्षों से राधा-कृष्ण संबंधों को जानने की कोशिश में जुटी हैं। इसके लिए पहले भी पश्चिम बंगाल का दौरा कर चुकी हैं। पहली बार महाकुंभ में आई हैं। वह यहां रासलीला का मंचन देखना चाहती हैं। कहती हैं कि इसमें कृष्ण के प्रेम के कई रूप दिखते हैं। राधा भी कृष्ण की धारा में पूरी तरह विलीन हो जाती हैं। भारतीय दंपतियों में भी यह दिखता है।