खूबसूरत चेहरे और जवां दिखने के लिए लोग कई कॉस्मेटिक्स प्रॉडक्ट्स पर पैसा और समय दोनों खर्च करते हैं लेकिन अमेरिका में एक महिला ने यह कमाल केवल पानी से कर दिखाया।
डेली मेल की खबर के मुताबिक एक महिला ने दावा किया है कि वह रोजाना तीन लीटर पानी एक महीने तक पीकर अपनी उम्र से दस साल तक कम लगने लगी।
महिला कहती हैं कि चार हफ्तों तक लगातार यह नियम अपनाकर उनकी जिंदगी बदल गई। 42 वर्षीय सारा ने हर हफ्ते के हिसाब से अपना अनुभव भी साझा किया है।
सारा बताती हैं कि उनमें और ऊंट में एक बड़ी समानता है। उन्हें लगता है कि वो बिना पानी पीए लंबे समय तक रह सकती हैं। सारा पूरे दिन में सिर्फ तीन ग्लास पानी पीती थीं और उन्हें लगता था की यह काफी है।
कई सालों बाद उन्हें इसके बुरे परिणाम भुगतने पड़े और सिर दर्द व अपच जैसी दिक्कतें होने लगीं। तब सारा ने न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूट्रीशनिस्ट से सलाह ली तो उन्हें शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए कहा गया। डॉक्टर्स ने उन्हें एक दिन में तीन लीटर पानी पीने की सलाह दी।
सारा ने इसे अपनाने का फैसला किया और परिणामों का इंतजार करने लगीं।
पहला सप्ताह
सारा ने बताया कि पहले हफ्ते में रोज तीन लीटर पानी पीने से उन्हें सिरदर्द कम रहने लगा। उनके शरीर से टॉक्सिक पेशाब के जरिए बाहर निकले रहे थे। वह कई सालों से सुबह योगा तो कर रही थीं लेकिन पानी की कमी से उनका शरीर सख्त हो गया था। अब फिर से शरीर में लचीलापन आ गया।
दूसरा सप्ताह
धीरे-धीरे उनके चेहरे का रंग भी सुधरने लगा। पहले उनके चेहरे पर झुर्रियां थीं जो अब हल्की हो गई थीं। चेहरे के दाने, आंखों के नीचे काले घेरे कम हो गए थे। सिरदर्द बिल्कुल खत्म हो गया और वजन भी घटने लगा।
तीसरा सप्ताह
तीसरा हफ्ता खत्म होते-होते सारा के चेहरे की झुर्रियां और काले घेरे पूरी तरह गायब हो चुके थे। यहां तक कि सुबह उठने पर उनकी आंखें रूखी होती थीं और मलनी पड़ती थीं लेकिन अब वो भी बंद हो गया था। सारा की एक ब्यूटी थेरेपिस्ट दोस्त ने बताया कि पानी उनकी त्वचा को रीजनरेट करने में मदद कर रहा है।
चौथा सप्ताह
सारा बताती हैं कि चार हफ्तों बाद उनके चेहरे पर इतने अधिक बदलाव थे कि भरोसा करना मुश्किल था। वह बिल्कुल अलग दिख रही थीं। उनकी त्वचा मुलायम और चमकदार हो गई थी। साथ ही वजन घट गया था और फिट महसूस कर रही थीं।
इतने बेहतर परिणामों के बाद सारा अब सारी जिंदगी इसी रूटीन में पानी पीना चाहती हैं। हालांकि वह बताती हैं कि पहले उनके परिजन इतना ज्यादा पानी पीने से उनके लिए परेशान थे लेकिन अब कोई फिक्र नहीं है।