आप टीवी देख रहे हैं और बार बार रिमोट के जरिए चैनल बदल बदल कर परेशान हैं तो ये खबर आपके लिए है। अब आपका टीवी इतना स्मार्ट हो जाएगा कि आपको देखता रहेगा और आपके हाथ हिलाते ही चैनल चेंज कर देगा। यानी अब तक आप टीवी को देखते आए हैं, अब टीवी भी आपको देखेगा।
टीवी सेट्स के ये हैरान करने वाले फीचर्स नजए आए लॉस वेगास में आयोजित कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो के दौरान। इस शो में देश और दुनिया के कई बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने अपने नए प्रोडक्ट्स पेश किए। इनमें पैनासॉनिक, सैमसंग और एलजी के टीवी सेट्स खासे चर्चा में रहे।
पैनासॉनिक के न्यू विएरा टीवी सेट के साथ यूजर, टीवी के साथ अपनी जान-पहचान बढ़ा सकता है। कंपनी के मुताबिक इस टीवी सेट के ऊपरी भाग पर एक कैमरा लगाया गया है। इसकी मदद से यह टीवी के मालिक की पहचान करेगा।
अगर आप टीवी भी देखना चाहते हैं और घर में सो रहे दूसरे लोगों को परेशान भी नहीं करना चाहते, तो पैनासॉनिक ने इसका भी एक मजेदार उपाय ढूंढ लिया है। इसके लिए पेश किया गया है एक नए तरह का टीवी सेट। इसमें न तो स्पीकर की जरूरत है न ही आपके कानों की। आपको सुनकर हैरानी तो होगी ही कि बिना कानों के भला सुनाई कैसे देगा! लेकिन जब साइंस और आर्ट मिलती हैं तो ऐसे ही हैरान करने वाले इनोवेशन सामने आते हैं।
इस टीवी सेट में लगे वायरलेस बोन क़ंडक्शन हेडफोन इस बात का सूबत हैं। ब्लूटूथ के जरिये यह हेडफोन टीवी से कनेक्ट होकर सामान्य तौर पर इस्तेमाल होने वाले हेडफोन की तरह ही आपके सिर में लग जाते हैं। इनसे निकलने वाली साउंड वेव्स बजाये सीधे आपके दिमाग में दाखिल होती हैं।