बलात्कार के मामलों में जहां पूरा देश कड़ी सजा की मांग कर रहा है, वहीं बलात्कार के एक मामले में आरोपी सख्त सजा से सिर्फ इस आधार पर बच गया क्योंकि वह पीड़ित लड़की से शादी करने के लिए तैयार हो गया।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली की एक अदालत में एक लड़की से बार-बार बलात्कार करने के आरोप में सुनवाई का सामना कर रहे युवक को इस आधार पर छोड़ दिया कि उसने बाद में उस लड़की से शादी कर ली। इस दौरान लड़की भी अपने पहले के बयान से पलट गई और उसने मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।
महिलाओं के खिलाफ यौन शोषण के मामलों में सुनवाई के लिए बनाए गए स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी वरुण कपूर को यह कहते हुए बरी कर दिया कि मामले की मुख्य गवाह लड़की अपने पहले के बयान से पलट गई और अब वह उसकी पत्नी बन गई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश निवेदिता अनिल शर्मा ने कहा कि लड़की अपने बयान से पलट गई है और उसने इस मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है, इसलिए इस मामले को बंद किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से बयान बदल देने की वजह से अब इस बारे में सुनवाई का कोई मामला नहीं बनता।