कहते हैं कि काम अंधा होता है और किस उम्र में आदमी शैतान बन जाए कहा नहीं जा सकता। काम की आग में अच्छे से अच्छे रिश्ते झुलस जाते हैं। ठीक ऐसा ही शामली के एक गांव में हुआ जहां रिश्ते के दादा आठ साल की पौत्री को हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते के बाबा ने आठ साल की पौत्री के साथ दुराचार का प्रयास किया। मासूम के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी की धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। देर शाम मामले को लेकर गांव में ही पंचायत की जा रही थी।
रिश्तों को कलंकित करने वाली यह घटना गुरुवार देर शाम हुई, जब घर के पास ही खेल रही मासूम को उसका रिश्ते में बाबा लगने वाला व्यक्ति टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ मारपीट करते हुए दुराचार का प्रयास किया। बच्ची की चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी वृद्ध को रंगेहाथ पकड़ लिया। मामले की गंभीरता से गुस्साए परिजनों का शोर शराबा सुनकर अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और वृद्ध की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद वृद्ध को मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया। बच्ची की मां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, देर शाम घटना को लेकर गांव में पंचायत की गई, जिसमें आरोपी वृद्ध को गांव से निकालने पर विचार किया गया। देर रात तक पंचायत जारी थी, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका था। पुलिस मामले को आपसी विवाद बताते हुए जांच कर रही है।