बिग बॉस सीजन छह की चर्चित प्रतिभागी एवं जानी मानी हेयर ड्रेसर सपना भावनानी बुधवार को कुंभ नगरी में थीं। यहां रिक्शे की सवारी का लुत्फ उठाते हुए उन्होंने कुंभ नगरी का जायजा लिया। अपने एक साथी के साथ कुंभ क्षेत्र का भ्रमण करने निकलीं सपना ने मेले की यादों को ताजा करने के लिए साथ लाए कैमरे से कई तस्वीरें भी उतारीं।
बेबाक और बिंदास सपना भावनानी का यह इलाहाबाद का पहला दौरा है। सपना ने बताया कि वह लंबे समय से कुंभ मेले में आना चाह रही थीं लेकिन यहां आने का मौका नहीं मिल सका। बुधवार को वह कई अखाड़ों में भी गई। पहले पैदल फिर बाद में एक रिक्शे में बैठकर वह पांटून पुल पार करने के बाद अरैल की ओर भी गईं।
सपना अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ, बिपाशा बसु, अभिनेता ऋतिक रोशन, इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, जॉन अब्राहम, व्यवसायी सिद्धार्थ माल्या आदि तमाम हस्तियों को सजाती संवारती आ रही हैं।
सपना ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगी। मेला क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद सपना ने ट्विटर पर ट्वीट किया, ‘हॅलो इलाहाबाद आई लव यू।'