सोनिया गांधी के कुंभ में आने से पहले ही नया विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को कांग्रेसियों ने मेला क्षेत्र में दो होर्डिंग्स लगाकर खलबली मचा दी। इससे कुंभ में चल रहा राजनीतिक घमासान अब और तेज होता नजर आ रहा है। एक होर्डिंग में सोनिया गांधी को झांसी की रानी के रूप में दिखाया गया तो दूसरे में राहुल गांधी को नीलकंठ के समान बताया गया। राहुल ने कुछ दिनों पहले ही कहा था कि सत्ता जहर के समान है और राहुल के इसी बयान को आधार बनाकर कांग्रेसियों ने होर्डिंग लगा दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभय अवस्थी और अरुण पाठक की ओर से लगाए गए होर्डिंग में राहुल की तस्वीर के ठीक बगल में भगवान शंकर की तस्वीर बनी हुई है। राहुल की तस्वीर के नीचे लिखा है, ‘राहुल बाबा!! सत्ता जहर के समान है...ठीक है, परंतु जो पीता है जहर, वहीं नीलकंठ होता है। अतैव, उठा लो हलाहल और नीलकंठ हो जा।’ और अंत में लिखा है, ‘जगतगुरुओं की आज्ञा से कांग्रेस हित में प्रयागराज से जारी।’
इस होर्डिंग के ठीक बगल में एक और होर्डिंग लगाया गया है। पार्टी नेता श्रीश चंद्र दुबे और हसीब अहमद की तरफ से लगाए गए इस होर्डिंग में सोनिया गांधी को झांसी की रानी के रूप में दिखाया गया है, जो अपनी पीठ पर राहुल गांधी को बांधकर युद्ध के मैदान में तलवार लेकर दुश्मनों का सामना कर रही हैं और बगल में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तस्वीर बनी हुई है। होर्डिंग पर स्लोगन लिखा है, ‘दूर विरोधियों को करने की जिसने ठानी है। चमक उठी सन 1991 में वह तलवार पुरानी है। खूब लड़ी मर्दानी वो तो 10 जनपथ दिल्ली वाली रानी है।’