गुरू महाराज 19 जून से कर्क राशि में गोचर करेंगे। यह गुरू की उच्च राशि होने के कारण ऐसा माना जाता है कि गुरू के अनुकूल फलों में वृद्घि होगी।
गुरु धन, धर्म, वैवाहिक जीवन के सुख एवं मान-सम्मान के भी कारक हैं। इसलिए देखिए आपके लिए गुरू क्या लेकर आए हैं?
मेषः अच्छी सफलता मिलेगी
मेष राशि के सुख स्थान से गुरू का परिभ्रमण होगा, इससे उच्च शिक्षा के लिए प्रयास करने वाले छात्रों को अच्छी सफलता मिलेगी।
अन्य क्षेत्रों में भी गुरू अनुकूल रहेगा। नया वाहन, नए मकान की खरीदारी का प्रयास सफल होगा। घर को सजाने संवारने पर खर्च कर सकते हैं।
वृषभः लाभ की योजना सफल होगी
वृषभ जातकों के लिए गुरू तीसरे यानी कि साहस और मित्र के स्थान से भ्रमण कर रहा है। साहस करते हुए आप लाभ प्राप्त करने का प्रयत्न करेंगे।
कम दूरी की यात्रा योजना बनेगी। कवि एवं लेखन संबंधित क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को गुरू के प्रभाव से प्रकाशन के क्षेत्र में उन्नति का मौका मिलेगा। कम्युनिकेशन, परिवहन या कुरियर जैसे क्षेत्रों से संबंधित व्यक्तियों के लिए भी समय अच्छा है।
मिथुनः बैंक बैलेंस बढ़ेगा
आपके परिवार में नए मेहमान के आगमन की संभावना गणेशजी देख रहे हैं। आपका बैंक बैलेंस बढ़ने की भी संभावना है। सोना-चांदी या महंगे रत्न की खरीदारी करने की इच्छा होगी।
आप किसी भी प्रकार का व्यसन कर रहे हैं और तो उससे मुक्त होना चाहेंगे, प्रयास सफल होगा। मान-प्रतिष्ठा का लाभ मिल सकता है।
कर्कः नई इच्छा जागृत होगी
आपकी जन्म की राशि पर से स्वयं गुरू महाराज परिभ्रमण कर रहे हैं, इससे श्रेष्ठ और क्या हो सकता है? आप स्वयं प्रयत्न करके कुछ प्राप्त करने की कोशिश करेंगे।
वर्तमान समय में आपके मन में नई इच्छा जागृत होगी और उसे पूरा करने के लिए आप गंभीर प्रयत्न करेंगे। आपका मान-सम्मान बढ़ेगा, अविवाहित व्यक्तियों के लिए यह समय अनुकूल है, शादी हो सकती है। ऐसी संभावना गणेशजी व्यक्त कर रहे हैं।
सिंहः धार्मिक मामलों में खर्च होगा
आपकी राशि से व्यय स्थान में गुरू महाराज का भ्रमण आपसे धार्मिक मामलों में खर्च कराएगा। साथ ही विदेश यात्रा के इच्छुक व्यक्तियों के कार्य में आ रही रुकावटें दूर होंगी, एवं कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
कोर्ट-कचहरी के कार्यों में समाधान के साथ बात आगे बढ़ेगी और उस मामले में सफलता प्राप्त कर सकेंगे। इस समय में आप में आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरी करने वाले जातक भी सकारात्मकता के साथ अपनी प्रगति का मार्ग तैयार कर पाएंगे।
कन्याः अधिकारी आप पर मेहरबान रहेंगे
आपकी राशि से लाभ स्थान में गुरू महाराज का गोचर हो रहा है। इसके शुभ प्रभाव से आपके घर में मांगलिक कार्य होने का योग बन रहा है। मान-सम्मान बढ़ेगा।
उच्च अधिकारी आप पर मेहरबान रहेंगे, अगर आप संतान प्राप्ति की इच्छा रखते हैं तो इस समय आपको अच्छी खबर मिलने की संभावना है।
तुलाः कार्यक्षेत्र में विस्तार
आपकी राशि से कर्मस्थान में यानि कि दसवें स्थान में गुरू महाराज का भ्रमण आपको व्यवसाय या कार्यक्षेत्र में विस्तार करने का मौका प्रदान करेगा।
आप अपने व्यवसाय में नए प्रोडक्ट का समावेश करेंगे, ऐसी संभावना गणेशजी व्यक्त कर रहे हैं। सरकारी कार्यों में आपको सफलता प्राप्त होगी। सामाजिक जीवन में मान-सन्मान मिलेगा एवं स्थायी संपत्ति या वाहन की खरीदारी कर सकते हैं।
वृश्चिकः लंबी दूरी की यात्रा
आपकी राशि से भाग्य स्थान यानि कि नौवें स्थान में गुरू महाराज की उपस्थिति लंबी दूरी की यात्रा का संकेत दे रही है। आप इस समय में किसी धार्मिक स्थान की यात्रा पर जा सकते हैं, ऐसी संभावना है।
कुछ नया करने के लिए इच्छित व्यक्तियों को अपने मन में बनाए प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा। अगर आप किसी गुरू की खोज में हैं तो आपकी यह इच्छा भी गुरू महाराज इस समय में पूरी करेंगे।
धनुः संपत्ति के कार्यों में तेजी आएगी
आपकी राशि से अष्टम स्थान में गुरु महाराज का भ्रमण आपकी अपेक्षा से कम लाभ देगा या शायद नहीं दे रहा ऐसा आपको लगेगा। आप आज से ही गुरु महाराज की उपासना शुरू कर दें ऐसी सलाह है।
पैतृक या विरासत में प्राप्त संपत्ति के कार्यों में तेजी आएगी इनसे जुड़े प्रश्नों में आपके पक्ष में फैसला आ सकता है। गूढ़ विद्या में आगे बढ़ने के लिए इच्छित व्यक्तियों के लिए अनुकूल समय है। ससुराल पक्ष में शुभ प्रसंग होगा ऐसी संभावना गणेशजी व्यक्त कर रहे हैं।
मकरः प्रगति के लिए समय अच्छा है
आपकी राशि से सप्तम स्थान में गुरु महाराज का गोचर हो रहा है। अविवाहित व्यक्तियों को विवाह से सम्बंधित कार्य में आगे बढ़ने की सलाह दे रहे हैं।
साझेदारी सम्बंधित कार्यों से लाभ होगा। सामाजिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों के लिए अच्छा समय है। खुद का विकास एवं जीवन में प्रगति के लिए यह समय अच्छा है।
कुंभः प्रमोशन एवं वेतन में वृद्धि
एक साल तक गुरू आपकी राशि से छठे स्थान में परिभ्रमण करेगा, इस वजह से नौकरी करने वाले व्यक्तियों को कार्य की प्रशंसा के तौर पर प्रमोशन एवं वेतन में वृद्धि का मौका प्राप्त होगा।
अगर आप किसी क्षेत्र में निवेश करना चाहते हैं तो यह समय अनुकूल है। आप लोन लेना चाहते हैं तो इस समय में सरलता से प्राप्त कर पाएंगे। कोर्ट-कचहरी सम्बंधित कार्यों में सफल होंगे।
मीनः वित्तीय लाभ प्राप्त कर पाएंगे
आपकी राशि से पंचम स्थान में गुरू महाराज का परिभ्रमण आपको संतान सुख देगा। छात्रवर्ग को विद्याभ्यास में सफलता प्राप्त होगी।
शेयर बाजार में कार्य कर रहे व्यक्ति इस समय में अच्छा पोर्टफोलियो बनाकर भविष्य में इससे वित्तीय लाभ प्राप्त कर पाएंगे। खेलकूद, लेखन, काव्य लेखन संबंधित क्षमता में बढ़ावा होगा एवं आपकी सर्जनात्मकता भी बढ़ेगी। सामाजिक क्षेत्र में आप सक्रिय रहेंगे।