मौनी अमावस्या के दिन इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के ठीक चार दिन बाद शुक्रवार को बसंत पंचमी का तीसरा एवं आखिरी शाही स्नान पर्व होगा। इस शाही स्नान पर मुकम्मल व्यवस्था के लिए मेला प्रशासन और शासन ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
रेलवे और रोडवेज अफसरों के साथ मेला प्रशासन के अफसरों की बैठक में इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अब प्रशासन के लिए शुक्रवार को परीक्षा का वक्त है। मेला प्रशासन का अनुमान है कि बसंत पंचमी पर दो करोड़ श्रद्धालु गंगा में स्नान करेंगे। इस अनुमानित भीड़ के आधार पर ही तैयारियां की गई हैं।
स्नानार्थियों के लिए मेला क्षेत्र में 22 घाट तैयार किए गए हैं। रेलवे स्टेशन के आसपास रैन बसेरे भी बनाए गए हैं। एसएसपी कुंभ मेला आरकेएस राठौर ने बताया कि जिले में छह जगहों से स्नानार्थियों की भीड़ प्रवेश करेगी।
रूट डायवर्जन के तहत योजना बनाई गई है कि भीड़ जिधर से शहर में प्रवेश करे, उधर से ही सीधे घाटों की तरफ डायवर्ट कर दी जाए। अगर भीड़ तेजी से बढ़ती है तो उन्हें दूसरों रास्तों की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। ऐसे में भीड़ को जहां आधे घंटे में पहुंचना है, वहां दो घंटे में पहुंचेगी और दूसरी तरफ घाटों पर भीड़ छंटती जाएगी। बसंत पंचमी पर वीआईपी वाहनों को मेले में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बसों के संचालन का खाका तैयार
अस्थायी बस अड्डे झूंसी से वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया, कुशीनगर, देवरिया, अंबेडकर नगर, मऊ जनपदों के लिए 3775 बसें चलाई जाएंगी। नैनी में बेथनी कॉन्वेंट स्कूल के सामने जेल के पीछे वाली भूमि पर बने अस्थायी बस अड्डे अरैल से मिर्जापुर, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र, शक्तिनगर, हनुमना आदि के लिए 115 बसों का संचालन किया जाएगा।
लेप्रोसी चौराहा नेनी के निकट स्थित अस्थायी बस स्टेशन एग्रीकल्चर मैदान से रीवा, बांदा, महोबा और चित्रकूट के लिए 295 बसें चलेंगी। सिविल लाइंस स्थायी बस अड्डे से प्रतापगढ़, रायबरेली, सुल्तानपुर, फैजाबाद, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, लखनऊ और हरदोई आदि जनपदों के लिए 975 बसों का संचालन होगा।
रेलवे ने भी योजना को दिया अंतिम रूप
झांसी, सतना, कानपुर, मुगलसराय की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए इलाहाबाद जंक्शन से सामान्य ट्रेनों के अलावा 31 ट्रेनें चलाई जाएंगी। नैनी रेलवे स्टेशन से मानिकपुर, सतना आदि जिलों की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए सामान्य ट्रेनों के अलावा 14 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इलाहाबाद सिटी (रामबाग) स्टेशन, दारागंज रेलवे स्टेशन और झूंसी स्टेशन से वाराणसी की ओर जाने वाली सामान्य ट्रेनों के अलावा कई विशेष ट्रेनें भी चलेंगी। प्रयाग स्टेशन पर लखनऊ की ओर से सामान्य एवं स्पेशल ट्रेनें आएंगी और प्रयागघाट स्टेशन से लखनऊ, फैजाबाद, अयोध्या की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन होगा।
शहर के निर्धारित क्षेत्रों व बस अड्डों पर पहले से ही साढ़े तीन हजार बसें खड़ी कर दी जाएंगी ताकि शुक्रवार सुबह स्नान के बाद लौटने वाली भीड़ को बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।-- मणि प्रसाद मिश्र, मेलाधिकारी