भय्यूजी महाराज आत्महत्या मामले में पुलिस हर कोने से जांच कर रही है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 85 फीसदी जांच पूरी भी हो चुकी है। पुलिस पारिवारिक कलह के अलावा कई और एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर भी जांच पड़ताल कर रही है। यही नहीं पुलिस ने भय्यू के टेलीफोन कॉल खंगालने से लेकर 11-12 जून को उन्होंने जिनसे भी बात की सभी से बातचीत कर आत्महत्या के कारणों को तलाशने में जुटी है। इस मामले में पुलिस की निगाह भय्यू के सीए पर भी है जिनसे उनकी आर्थिक तंगी और वित्तीय स्थिति के मामले में जांच की जाएगी।
स्थानीय मीडिया मे आ रहीं खबरों के मुताबिक पुलिस ने उनके सिल्वर स्प्रिंग स्थित घर में आत्महत्या का नाट्य रूपांतरण भी किया। यही नहीं एक अधिकारी ने बीन बैग पर बैठकर जिस तरह भय्यू ने बैग पर बैठकर खुद पर गोली चलाई होगी उस तरह का नाटक भी किया। बता दें कि भय्यू ने गोली कनपटी पर मारी थी जो सिर को भेदते हुए आर पार हो गई थी। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम को पता चला कि गोली दीवार से टकराकर फर्श पर गिरी थी। पुलिस के मुताबिक पीएम रिपोर्ट भी मिल चुकी है। फिर भी जांच के लिए बिसरा सागर लैब भेजा गया है।
क्यों अपनी गाड़ियां बेचना चाहते थे भय्यू
डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि भय्यू का खजाना खाली हो रहा था उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी थी। भय्यू ने 10 लाख रुपए का कर्ज लिया था जबकि अपनी ऑडी कार का सौदा 20 लाख में किया था।
भय्यू की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि वो अपनी बेटी कुहू के लिए खरीदी मस्टंग कार तक बेचने में जुटे थे। जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिनों में कुहू को लंदन जाना था और इस दौरान आने वाले खर्च को लेकर भी चिंतित थे।
भय्यू के सीए से भी पुलिस करेगी पूछताछ
अब पुलिस पारिवारिक कलह के बीच इस बात को लेकर भी जांच कर रही है कि कहीं आर्थिक तंगी तो नहीं भय्यू के आत्महत्या की वजह। पुलिस ने भय्यू के सीए प्रमोद चोपड़ा (शिक्षक नगर) को तलब किया है। चोपड़ा ने पुलिस को फोन पर बताया कि वे कुछ कार्यक्रम की वजह से राजस्थान में हैं। वह चार- पांच दिन में इंदौर आएंगे।
भय्यू आत्महत्या में बारीकी से जांच कर रहे अधिकारी मनोज रत्नाकर (सीएसपी) ने बताया कि अभी तक सेवादार, नौकर, ड्राइवर, परिजन और वकील से पूछताछ की गई है। यही नहीं पुलिस इस हाई प्रोफाइल मामले में कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहती है इसलिए वह उन सेवादारों की पत्नियों से भी पूछताछ करेगी जो बंगले पर आती-जाती थीं। कुछ महिलाएं कुहू और डॉ. आयुषी के संपर्क में थीं।
पुलिस ने जांच के दौरान 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। नाटकीय रुपांतरण के साथ पुलिस सुसाइड नोट और हैंड राइटिंग विशेषज्ञों से भी बात कर रही है। मौत के पीछे कोई राजनीतिक कारण को भी देखा जा रहा है। जांच में पुलिस को भय्यू महाराज के पास मिले दस्तावेजो में नर्मदा घोटाले के कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। नर्मदा घोटाले के दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस ने जांच को अलग दिशा में भी ले जा सकती है।