मध्य प्रदेश के उमरिया में जज की कुर्सी पर बैठकर सेल्फी लेना एक प्रशिक्षु पुलिस कांस्टेबल को काफी महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ न्यायाधीश के कमरे में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी आर.बी. सोनी ने सोमवार को बताया कि उमरिया, पुलिस अकादमी का प्रशिक्षु कांस्टेबल राम अवतार रावत (28) शनिवार को यहां अदालत परिसर में न्यायाधीश के कमरे के सामने से गुजर रहा था। उस दौरान वह कथित तौर पर नशे की हालत में था। जज साहब का कमरा खुला और खाली देखकर वह उसमें प्रवेश कर गया। इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन से न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठकर सेल्फी लेनी शुरू कर दी। तभी अदालत के चपरासी शक्ति सिंह ने उसे पकड़ लिया। उसने इस घटना की सूचना अदालत के अधिकारियों को दी जिसके बाद पुलिस ने रावत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने रावत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-448 (अनधिकार प्रवेश करना) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी सारिका शर्मा ने बताया कि बाद में आरोपी रावत को पुलिस थाने से ही जमानत दे दी गई।