मध्यप्रदेश के इंदौर से भाजपा विधायक ऊषा ठाकुर ने जेएनयू विवाद पर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कन्हैया कुमार की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर कोई देशद्रोही बनता है तो उसके लिए उसकी मां जिम्मेदार है।
इंदौर में महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया। ऊषा ने कहा, 'देशद्रोही नारे लगाने वाले जेएनयू के कन्हैया जैसे लोगों के लिए उनकी मां जिम्मेदार हैं। कन्हैया की मां ने उसे लोरी में देशभक्ति नहीं सिखाई।'
ऊषा के इस बयान ने एक बार जेएनयू विवाद को हवा देने का काम किया। विपक्षी पार्टियों ने ऊषा के इस बयान को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। ऐसा पहली बार नहीं है जब ऊषा ने ऐसे विवादित बयान दिए। उनका पहले भी विवादों से नाता रहा है।