बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार के उच्च श्रेणी कैदी वार्ड में राजद सुप्रीमो की पहली रात करवटें बदलते हुए बीती। उधर, पटना में उनकी पत्नी व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी उनकी सेहत और दवा को लेकर पूरी रात बेचैन रहीं।
चारा घोटाले में दोषी करार दिए गए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को जेल में वीआईपी सुविधाएं मिली हुई हैं। कैदी नंबर 3351 बन चुके लालू जिस कमरे में हैं उसमें अटैच टॉयलेट, सोने के लिए एक चौकी, कंबल, तकिया, मच्छरदानी, जरूरी दवाएं, पहनने के लिए कुर्ता-पाजामा और गर्म कपड़े दिए गए हैं। बिना केबल कनेक्शन वाला टीवी भी लालू को दिया गया है।
ये भी पढ़ें- लालू यादव के लिए नया नहीं है जेल का सफर, 7 बार पहले भी लगा चुके हैं हाजिरी
2014 में दिल की बीमारियों का इलाज कराने वाले लालू प्रसाद के खाने पर कई तरह की पाबंदियां हैं। ऐसे में लालू को रात के खाने में पांच रोटियां, एक कटोरी अरहर की दाल और बंदगोभी की सब्जी दी गई। रात में लालू ने अन्य कैदियों से कोई बात नहीं की। रविवार सुबह उन्होंने अखबार भी पढ़ा।
उधर, पटना में अपने आवास पर राबड़ी देवी ने कहा कि कानून का फैसला सर्वोपरि होता है, ऐसे में हमें फैसला मानना ही होगा। राबड़ी ने कहा कि लालू बिहार की जनता की ताकत के साथ-साथ पार्टी की ताकत हैं।
पार्टी के कार्यकर्ता और बिहार की जनता उनकी ताकत हैं। लालू के जेल जाने के बाद पहली बार मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि हम लोगों ने हमेशा की तरह अपना मनोबल ऊंचा रखा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शांति बनाए रखें।