रांची की विशेष
सीबीआई अदालत ने दुमका कोषागार मामले में सुनावाई टाल दी है। कोर्ट ने अब इस मामले में लालू यादव को 19 मार्च को पेश होने को कहा है। बता दें कि बिहार के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों
लालू प्रसाद यादव एवं जगन्नाथ मिश्रा के खिलाफ चौथे चारा घोटाले से जुड़े दुमका कोषागार से कथित 3.13 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत आज अपना फैसला सुनाने वाली थी, जिसकी सुनवाई अब 19 को होगी।
बता दें कि अदालत ने गुरुवार को लालू प्रसाद यादव के वकील की दाखिल की गई उस याचिका पर अपना फैसला टाल दिया था जिसमें लेखाकार जनरल (1990 के दशक) के तीन अधिकारियों को मामले में पार्टी बनाए जाने की मांग की गई थी। सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश शिवपाल सिंह ने शुक्रवार को उक्त याचिका स्वीकार कर ली थी।
बता दें कि इस मामले में लालू प्रसाद यादव और जगन्नाथ मिश्रा के अलावा 29 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में पूर्व आईएएस अधिकारी और पशुपालन अधिकारी भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले अदालत द्वारा चारा घोटाले के तीन मामलों में राजद प्रमुख लालू प्रसाद को जबकि दो मामलों में जगन्नाथ मिश्रा को दोषी ठहराया जा चुका है।